रुद्रप्रयाग। देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की पावन तपस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विराट केंद्र बन गया है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-यज्ञ और धार्मिक आयोजनों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा है। महायज्ञ के अंतर्गत विद्वान आचार्यों के सानिध्य में विशेष पूजन, हवन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। यज्ञशाला में स्थापित हवन कुण्ड में घृत, नवधान्य, औषधीय वनस्पतियों एवं समिधाओं की आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा समस्त प्राणियों की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की जा रही है।दूरस्थ गांवों एवं विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है तथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम मिलता है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही शुरू हो जाती है और दिनभर पूजा-अर्चना, कथा श्रवण तथा यज्ञ अनुष्ठानों में सहभागिता का क्रम जारी रहता है। कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं हेतु पेयजल, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि स्वयंसेवक निरंतर सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।पुराण वाचन के दौरान कथावाचक वासुदेव प्रसाद थपलियाल धर्म, संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं मानव जीवन के आदर्शों पर सारगर्भित प्रवचन दे रहे हैं। कथा श्रवण के लिए महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति देखी जा रही है। श्रद्धालु भक्ति भाव से कथा का रसपान कर आध्यात्मिक ऊर्जा और जीवनोपयोगी संदेश ग्रहण कर रहे हैं। महायज्ञ एवं पुराण वाचन के आयोजन से कुमार लोक सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का विशेष माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों एवं ग्रामीणों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्वान आचार्य पंडित सुधीर नौटियाल ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानवता के कल्याण का प्रभावी माध्यम है। यज्ञ से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में सद्भाव, शांति और समृद्धि की भावना को बल मिलता है। इस अवसर पर नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, दिनेश थपलियाल, आशुतोष भट्ट, श्रीकृष्ण गैरोला, नवीन काण्डपाल, दीपक चमोला, शुभाष भट्ट, अरविंद भट्ट, आदित्य भट्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। Post navigation मुख्य सचिव ने नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों को सभी आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए कैंचीधाम मेले के लिए श्रद्धालुओं के लिए चलेगी विशेष शटल सेवा