पश्चिम बंगाल की राजनीति में 4 मई 2026 की तारीख एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है। हुगली के तटों से लेकर दार्जिलिंग की पहाड़ियों तक, बंगाल की जनता ने इस बार जो जनादेश दिया है, वह न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि राज्य की राजनीतिक तासीर को बदलने वाला है। 2026 के विधानसभा चुनाव के नतीजों ने साफ कर दिया है कि बंगाल अब केवल अस्मिता की लड़ाई से आगे बढ़कर विकास और नई संभावनाओं की तलाश में है । यह एक ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन की दृष्टि से देखें तो लगभग डेढ़ दशक तक राज्य की सत्ता पर काबिज रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) के ‘अजेय’ किले में इस बार बड़ी सेंध लगी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 200 से अधिक सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल कर पहली बार बंगाल की सत्ता की ओर कदम बढ़ाए हैं। यह जीत केवल सीटों का आंकड़ा नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के उस ‘मौन’ का शोर है, जिसे सत्ता के गलियारों में अनसुना किया जा रहा था। भ्रष्टाचार के आरोप, बेरोजगारी और तुष्टीकरण जैसे मुद्दों ने ममता बनर्जी के ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे पर भारी प्रभाव डाला है।इस चुनाव की सबसे बड़ी खूबसूरती बंगाल के मतदाताओं का अटूट विश्वास रही। पहले और दूसरे चरण में 90% से अधिक का मतदान यह बताने के लिए काफी था कि बंगाल की जनता बदलाव के लिए आतुर थी। महिलाओं और युवाओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय ‘जनता जनार्दन’ का ही होता है।बंगाल में इस बार इसे लोकतंत्र का उत्सव के रूप में मनाया गया। सत्ता परिवर्तन के साथ ही अब नई सरकार के सामने उम्मीदों का विशाल पहाड़ है। बंगाल को उसकी खोई हुई औद्योगिक विरासत लौटाना, ‘कट मनी’ जैसी कुरीतियों को जड़ से मिटाना और कानून व्यवस्था को पटरी पर लाना प्राथमिकता होनी चाहिए । जनता ने ‘डबल इंजन सरकार’ के वादे पर भरोसा जताया है, अब परीक्षा इस वादे को धरातल पर उतारने की है।बंगाल चुनाव के ये नतीजे भारतीय राजनीति के लिए एक टर्निंग पॉइंट हैं। यह जनादेश बताता है कि जनता अब नारों से ऊपर उठकर ठोस नतीजों की मांग कर रही है। तृणमूल कांग्रेस के लिए यह आत्ममंथन का समय है, तो वहीं भाजपा के लिए यह ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को सच करने की अग्निपरीक्षा है। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस राजनीतिक बदलाव से बंगाल में विकास की नई गंगा बहेगी। Post navigation उत्तराखंड में कांग्रेस के पक्ष में चल पड़ी बदलाव की बयारः शैलजा